घोटाला : रामपुर रेवटी में जिम्मेदारों ने डकार लिए 3.31 लाख, होगी रिकवरी
बस्ती। बनकटी ब्लॉक के रामपुर रेवटी गांव में मनरेगा, खडंजा, इंटरलाकिंग, चकरोड पर मिट्टी पटाई का कार्य कागजों में कर 3.31 लाख रुपये का घोटाले का मामला प्रकाश में आया है। लोकपाल की जांच में तथ्य खुले तो लोकपाल मनरेगा दिव्य प्रकाश ने फर्जी ढंग से कराए गए इस भुगतान की रिकवरी के निर्देश दिए हैं। इस धनराशि की रिकवरी तत्कालीन बीडीओ के अलावा प्रधान, सेक्रेटरी, तकनीकी सहायक, रोजगार सेवक से बराबर किए जाने के निर्देश दिए लोकपाल ने दिए हैं। लोकपाल ने अनियमितता के दोषी इन अधिकारियों के खिलाफ कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की संस्तुति दी है।
जिले में मनरेगा, शौचालय व अन्य विकास कार्यों में जमकर बंदरबांट हुई है। इसका पर्दाफाश धीरे-धीरे हो रहा है। कुदरहा के बाद अब बनकटी ब्लॉक के रामपुर रेवटी ग्राम में वर्ष 2021-22 में पवन कुमार पांडेय के घर से चिरगहिया पुल तक 418 मीटर खड़ंजा पटरी मरम्मत, ट्यूबवेल नाले से किसान चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज 280 मीटर खडंजा निर्माण, सड़क से सरकारी हैंडपंप तक 230 मीटर खडंजा निर्माण, पीपल पेड से ट्यूबवेल नाली तक 120 मीटर खडंजा, ट्यूबवेल नाली की पटरी मरम्मत व सफाई कार्य के अलावा छह तालाब व बांध निर्माण का कार्य कागजों में कराकर 3.31 लाख रुपये सरकारी धन को हड़प लिए गए। मामले की जांच के लिए गांव के आत्म सिंह ने 30 अप्रैल 2022 को शिकायत की थी। इसकी शिकायत को दो जून 2022 को लोकपाल मनरेगा की टीम ने जांच किया तो मामला सही पाया गया। यहां कोई कार्य हुआ ही नहीं था। इन स्थितियों को देखते हुए लोकपाल मनरेगा दिव्य प्रकाश ने कार्रवाई करते हुए इस धन की रिकवरी कराने के आदेेश दिया है। जबकि तालाब की खुदाई कार्य को श्रम दान घोषित किया है।
लोकपाल मनरेगा दिव्य प्रकाश ने बताया कि इस मामले में शासन को जांच व आदेश की पत्रावली भेज दी गई है। शासन स्तर से सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।