आरक्षण का लाभ लेने वाले दो बीडीओ रिवर्ट
- फोटो : demo pics
जिले के दो खंड विकास अधिकारियों को उनके पद से पदावनत (रिवर्ट) कर दिया गया है। इनमें से एक जिला मुख्यालय अटैच है तो दूसरे रुधौली में तैनात हैं। प्रमोशन में आरक्षण के मामले पर सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आने के बाद आयुक्त ग्राम्य विकास की ओर से पदोन्नति पाए प्रदेश के 17 खंड विकास अधिकारियों की सूची उपलब्ध कराई गई थी। इनमें दो खंड विकास अधिकारी बस्ती के शामिल थे। सूची को राज्यपाल के पास कार्रवाई के लिए भेजा गया था।
राज्यपाल ने सभी आरक्षण के नाम पर प्रमोशन पाए गए बीडीओ को तत्काल प्रभाव से संयुक्त खंड विकास अधिकारी के पद पर पदावनत कर दिया है। बस्ती के जिन दो बीडीओ को पदावनत किया गया है उनमें हाल ही में गौर से हटाकर जनपद मुख्यालय से अटैच किए गए खंड विकास अधिकारी प्यारेलाल और रुधौली ब्लॉक में तैनात खंड विकास अधिकारी रामबहादुर चौधरी शामिल है। इस बारे में डीडीओ दुर्गादत्त शुक्ल ने बताया कि दो खंड विकास अधिकारियों को सोमवार को पत्र भेज पदावनत के बारे में अवगत करा दिया गया है। दोनो को संयुक्त खंड विकास अधिकारी के पद पर पदावनत किया गया है।