राज्यकर्मचारी संयुक्त परिषद ने नलकूप विभाग कार्यालय पर किया गेट मीटिंग।
कर्मचारी संगठनों की ओर से चलाए जा रहे आंदोलन के क्रम में सोमवार को नलकूप कालोनी में गेट मीटिंग की गई। इसकी अध्यक्षता ट्यूबेल टेक्नीकल इंप्लाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभुनाथ चतुर्वेदी ने की। कर्मचारी नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार को कर्मचारी विरोधी बताते हुए कहा कि मांगे नहीं मानी गई तो कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष मस्तराम वर्मा ने कहा कि सातवें वेतन आयोग की रिपोर्ट ने कर्मचारियों एंव अधिकारियों के बीच बड़ी खाई पैदा कर दी। महंगाई के दौर में कर्मचारियों को धोखा देने का काम किया गया है। नई पेंशन योजना को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग पर सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज केंद्रीय कर्मचारी 11 जुलाई को हड़ताल पर जा रहे हैं। इसमें राज्य कर्मचारी उनका समर्थन कर उनके आंदोलन में हिस्सा लेंगे। परिषद के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष रामअधार पाल, मंत्री तौलू प्रसाद, सिंचाई संघ के अध्यक्ष सुभाष मिश्र, ट्यूबेल टेक्नीकल इंप्लाइज एसोसिएशन के मंत्री संतोष कुमार राव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर प्रदीप कुमार दूबे, रवीश मिश्र, ओमप्रकाश, रमेश मिश्र , विजय कुमार, महेंद्र प्रताप सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।