बस्ती। शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास का जीर्णोद्धार शुरू हो गया है। कार्यदायी संस्था यूपी सिडको ने कार्य प्रारंभ करते हुए जल्द से जल्द छात्रावास के भवन की मरम्मत कर विभाग को सूचित करेगा। कार्य होने से छात्रावास में रहने वाले प्रतियोगी छात्रों को सहूलियत मिलेगी।
शासन स्तर से इसके लिए 28.53 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था। बजट आवंटित होने के बाद टेंडर निकाला गया। यूपी सिडको कार्यदायी संस्था नामित हुई और वह निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। बताया गया कि छह माह के भीतर कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
छात्रावास भवन की काफी समय से मरम्मत की आवश्यकता बताई जा रही थी। भवन के विभिन्न हिस्सों में टूट-फूट, प्लास्टर उखड़ने, वाॅल पेंटिंग खराब होने तथा अन्य आवश्यक मरम्मत कार्य लंबे समय से लंबित थे।
बजट स्वीकृत होने के बाद अब भवन की व्यापक मरम्मत कार्य कराया जा रहा है, जिससे छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव का कहना है कि बजट स्वीकृत होने के बाद धनराशि प्राप्त हुई और आवश्यक कार्य शुरू करवा दिया गया है। दीवार मरम्मत, प्लास्टर, फर्श, दरवाजे-खिड़कियों की मरम्मत, रंगाई तथा अन्य जरूरी कार्य कराए जा रहे।
कहा कि कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी मानकों का पालन किया जा रहा है।
विभाग की ओर से संबंधित कार्यदायी संस्था को समयबद्ध ढंग से निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित छह माह की अवधि में कार्य पूरा होने के बाद छात्रावास का भवन अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक बन जाएगा। जिससे यहां निवास करने वाले अनुसूचित जाति वर्ग के छात्र बेहतर वातावरण में रहकर अपनी पढ़ाई कर सकेंगे।,