बस्ती। घने कोहरे में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए गन्ना ढुलाई वाहनों में रिफ्लेक्टर लगाए जाने के लिए गन्ना आयुक्त ने डीसीओ को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत गन्ना ढुलाई में प्रयोग होने वाली ट्रैक्टर-ट्राॅलियों व ट्रकों के आगे और पीछे बंपर पर लाल और पीले रंग की फ्लोरोसेंट पेंट एवं पट्टियां अनिवार्य रूप से लगाई जाएं।
वाहनों पर रिफ्लेक्टर अथवा पीला प्रकाश और बल्ब की व्यवस्था होने से उनकी दृश्यता दूर से हो जाती है। लेकिन, गन्ना किसानों की बुग्गी, बैलगाड़ी, ट्रॉली आदि में अक्सर रिफ्लेक्टर नहीं होते हैं, जिससे ठंड के मौसम में घने कोहरे के चलते दुर्घटना होने की आशंका ज्यादा रहती है।
इसको देखते हुए गन्ना आयुक्त ने ट्रैक्टर-ट्राॅलियों के दोनों कोने पर छह-छह इंच का लाल और पीले रंग की फ्लोरोसेंट पेंट और ट्रक के आगे और पीछे बंपर पर लाल और पीले रंग की पट्टियां लगाए जाने के निर्देश दिए हैं।