नगर थाना क्षेत्र के ग्राम मरवटिया बाबू निवासी राज
नगर बाजार (बस्ती)। एक साल पहले मरवटिया बाबू गांव से रहस्यमय ढंग से लापता हुआ 15 वर्षीय राज जब बृहस्पतिवार को घर पहुंचा तो अपनों से लिपटकर रोने लगा। राज ने कहा कि वह घर से निकला और भटक कर दूर चला गया। एक साल उसकी कैसे गुजरी पूछने पर वह रोने लगा। कहा कि पेट पालने के लिए झांसी रेलवे स्टेशन पर वह भीख मांगता था।
एक साल की तड़प के बाद बेटे को पाकर परिवार वाले भावुक होकर रो पड़े। राज कक्षा 10वीं का छात्र था। करीब एक साल पहले जिस दिन वह लापता हुआ था, उस दिन बेलाड़ी स्थित स्कूल में पढ़ने गया था। शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रातभर तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला तो अगले दिन नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने भी काफी खोजबीन की। परिवार वालों की उम्मीदें कमजोर पड़ने लगीं।
मंगलवार को झांसी रेलवे स्टेशन पर एक युवक की नजर प्लेटफॉर्म पर भीख मांग रहे राज पर पड़ी। उसने किशोर से बात की तो वह आपबीती सुनाते हुए रोने लगा। बताया कि वह बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र के ग्राम मरवटिया बाबू गांव का रहने वाला है। एक साल पहले घर से निकला था। उसने अपना नाम राज और अपने नाना का नाम जियालाल बताया। यह सुन युवक ने झांसी जीआरपी को सूचना दी।
झांसी जीआरपी ने बस्ती जीआरपी से संपर्क किया। बस्ती जीआरपी ने नगर थाने को सूचना दी। नगर थाना प्रभारी विश्व मोहन राय ने तत्काल परिवार को फोन किया। परिवार पुलिस के साथ झांसी पहुंचे और राज को देखकर फूट-फूटकर रोने लगे।