पूर्वांचल के प्रवेश द्वार तक पहुंचा मानसून, 36 घंटे में बारिश के आसार
बस्ती। मौसम में अगर अचानक बड़ा उलटफेर नहीं हुआ तो 36 घंटे के भीतर मानसून की पहली बारिश हो जाएगी। तीन दिन तक चली पुरवाई के बाद ऐसे आसार बन रहे हैं।
मौसम के जानकारों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है। बंगाल की खाड़ी से पुरवा हवाएं भरपूर नमी लेकर आ रही हैं। अनुमान है कि जल्द बस्ती मंडल समेत समूचे पूर्वांचल में अच्छी बारिश होगी। अनुमान है कि 28 से 35 मिलीमीटर बारिश हो सकती है जिससे अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस की कमी आने के आसार हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या के मौसम विज्ञानी डॉक्टर अमरनाथ मिश्र के अनुसार इस बार 18 जून तक पूर्वी यूपी में पहुंचने का अनुमान लगाया गया था। लेकिन, बिहार तक आकर मानसून ठिठक गया। एक सप्ताह से इसके आगे बढ़ने का इंतजार किया जा रहा है। पूूर्वानुमान के मद्देनजर किसानों ने अपनी खेती की तैैयारियां तेज कर दी थी। खासकर धान रोपाई का कार्य तेजी पकड़ने लगा था। कई किसानों ने उम्मीद लगा रखी थी कि अच्छी बारिश हो जाएगी तो रोपाई करने में आसानी होगी। इससे उनकी पानी की खपत कम होती। लेकिन, मौसम की बेरुखी ने उनके इरादों पर पानी फेर दिया। हालांकि किसानों के इंतजार की घड़ी अब खत्म होने वाली है। साथ ही भीषण गर्मी और उमस से अकुलाए जनमानस को भी जल्द राहत के आसार हैं।