संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। राम जानकी मार्ग स्थित कुदरहा मुख्य चौराहे पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में जाम लगाना लोगों को भारी पड़ा। चौकी प्रभारी ने 17 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर केस दर्ज कराया है।
चौकी प्रभारी कुदरहा राम अशोक यादव ने तहरीर में बताया है कि कुदरहा के मुख्य चौराहे पर ठेला व बेंच लगाकर रामजानकी मार्ग को अवैध तरीके से अवरुद्ध कर दिया गया। इससे आने-जाने वाले वाहनों, राहगीरों सहित एंबुलेंस जाम में फंस गई।
सूचना पर फोर्स संग मौके पर पहुंचकर जाम लगाने वालों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया। मगर, वे नहीं माने। इससे नौरहनी घाट की तरफ से आने वाले श्रद्धालुओं की गाड़ी व एंबुलेंस जाम में फंस गई।
आरोप है कि इससे जनता में भय उत्पन्न हुआ और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घबराकर दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर लीं।
तहरीर के आधार पर अनिल, रौनक उर्फ गोलू, धर्मेन्द्र, राज, दिनेश, पंकज, राहुल, राकेश, उमेश, सत्यम, राम सगुन, रवि, राम रतन, सूरज, विनोद यादव, अशोक, राम अशीष व 15-20 अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है।