अमहट घाट पर विसर्जन स्थल पर निरीक्षण करती नपाध्यक्ष नेहा वर्मा व ईओ अंगद गुप्ता स्रोत विभाग
- फोटो : samvad
बस्ती। देवी मूर्तियों के विसर्जन को लेकर नगर पालिका ने अमहट घाट पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को होने वाले विसर्जन के मद्देनजर रविवार को घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने ईओ अंगद गुप्ता के साथ निरीक्षण किया। अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। विसर्जन की निगरानी सीसीटीवी के जरिये होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा, अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता अंकुर वर्मा और अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता की मौजूदगी में घाट पर सफाई अभियान चलाया गया। विसर्जन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश और पेयजल की व्यवस्था की गई है। साथ ही, निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अध्यक्ष के प्रतिनिधि अंकुर वर्मा ने श्रद्धालुओं और नागरिकों से घाट पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्राथमिकता है। लोग पूजा सामग्री और अन्य कचरा इधर-उधर न फैलाएं तथा नगर पालिका के कर्मचारियों का सहयोग करें। ईओ अंगद गुप्ता ने बताया कि विसर्जन के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर पालिका की ओर से घाट पर साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है।