हाईवे का निरीक्षण करते कमिश्पर अखिलेश सिंह और डीएम अद्रा वामसी
बस्ती। 22 जनवरी को अयोध्या में नव्य श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर आयुक्त अखिलेश सिंह ने शनिवार को हाईवे का निरीक्षण किया। परिवहन से जुड़ी व्यवस्था में लगे अधिकारियों के साथ जनपद सीमा घघौआ तक वह पहुंचे। उन्होंने व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्थान-स्थान पर पेड़ों की छटाई किए जाने के निर्देश दिए। बिजली के ढीले तारों को सही करने, सड़क को गड्ढा मुक्त करने, सभी स्थान पर सूचना पट लगाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को सचेत किया। कहा कि अयोध्या मार्ग पर सभी कार्य समय से पूरे कर लिए जाएं। बस्ती जिले में भी तमाम वीआईपी के आने की संभावना रहेगी। इसके मद्देनजर होटल, धर्मशाला आदि की नियमित चेकिंग पुलिस विभाग की ओर से की जाए। सुरक्षा की दृष्टि से मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारियों की फोर्स के साथ ड्यूटी लगाई जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क के किनारे पड़े कूड़े को हटवाने के निर्देश दिए। कहा कि हाईवे की पटरी पर कहीं भी बिल्डिंग मैटेरियल बालू , मोरंग, गिट्टी आदि न रखने दिया जाए। जहां अतिक्रमण हो उसे तत्काल हटवाया जाए। अनाधिकृत होर्डिंग, फ्लेक्स बोर्ड एवं अस्थाई निर्माण भी तत्काल हटाए जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि सड़क के किनारे कोई भी गाड़ी पार्क न होने दी जाए। छावनी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के दोनों तरफ सूचनात्मक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर डीएम अंद्रा वामसी, एसपी कृष्ण गोपाल चौधरी, सीडीओ जयदेव सीएस, अपर आयुक्त प्रशासन राजीव पांडेय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शाहिद अहमद, एनएचएआई परियोजना निदेशक भावेश अग्रवाल आदि अधिकारी मौजूद रहे।