अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान गर्भवती की मौत
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। जिला महिला अस्पताल में सोमवार को दिन मंे करीब तीन बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आपरेशन के दौरान गर्भवती की मौत हो गई। बातचीत करते आपरेशन थियेटर तक पहुंची महिला के परिवार के लोग घटना से सकते में आ गए। इस घटना से नाराज परिवार वालों ने आपत्ति तो जताई लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस व सीएमएस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत करा। बाद में परिवार के लोग शव लेकर चले गए।
जिला महिला अस्पताल में समवार को दिनमें करीब 11.40 बजे लालगंज थाना क्षेत्र के चौबाह निवासी प्रमोद कुमार की 23 वर्षीय पत्नी अंजू को भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने आपरेशन की बात कही और करीब दो बजे गर्भवती अंजू को आपरेशन थियेटर में ले जाया गया। उसे पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई। यह सूचना अस्पतालकर्मियों ने बाहर इंतजार कर रहे परिवार के लोगों को दी तो उनके चेहरे चमक उठे। इसी बीच अचानक आपरेशन टेबल ही अंजू की तबीयत बिगड़ गई है। इसकी जानकारी होते ही पति सहित परिवार के लोग परेशान हो उठे। थोड़ी ही देर में चिकित्सकों ने अंजू के मौत की सूचना दी, जिस पर परिवार के लोग आक्रोशित हो गए। हालांकि अभी परिवार के लग कुछ समझ पाते, वहां पुलिस टीम पहुंच गई। परिवार के लोगों को समझाया बुझाया। सीएमएस डाॅ. एके सिंह व डाॅ. सुधांशु द्विवेदी भी सूचना के बाद पहुंच गए। परिवार के लोगों को स्थिति से अवगत कराया। डाॅक्टरों व पुलिस के समझाने बुुझाने के बाद परिवार के लोग शांत हो गए। सीएमएस डाॅ. एके सिंह ने कहा कि सब कुछ ठीक था, मगर बच्चा पैदा होने के बाद अचानक अंजू को हृदयाघात हुआ। जिससे उसे बचाया नहीं जा सका। हालांकि डाॅक्टरों ने बचाने का पूरा प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने बताया कि बच्चा स्वस्थ है। परिवार के लोगों से बातचीत कर शव उन्हें सौंप दिया गया।