शरारती तत्वों ने प्रतिमा खंडित कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की
नगर बाजार (बस्ती)। कांवड़ मेले की गहमागहमी के बीच शरारती तत्वों ने नगर थानाक्षेत्र के महरीपुर गांव के पास स्थित मंदिर में रखा शिवलिंग, नंदी और देवी प्रतिमा खंडित कर दिया। गांव के लोग शुक्रवार सुबह पूजा करने पहुंचे तो प्रतिमा गायब थी। खोजबीन करने पर मंदिर के बगल के खेत में शिवलिंग और प्रतिमा फेंकी मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर माहौल को उग्र होने से बचा लिया। एसओ नगर धर्मेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि प्रकरण की छानबीन की जा रही है।
बस्ती कलवारी मार्ग पर स्थित महरीपुर के पास सड़क के बगल स्थित महामाई का स्थान लोगों के लिए आस्था का केंद्र है। लोग सुबह शाम वहां पूजा-पाठ करते हैं। शुक्रवार सुबह कुछ लोग पूजा करने पहुंचे तो क्षतिग्रस्त प्रतिमा बगल के खेत में मिली। थोड़ी ही देर में यह बात फैल गई। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इसी बीच सूचना पाकर सीओ कलवारी विनय चौहान, एसडीएम सदर शैलेन्द्र दुबे, थाना प्रभारी नगर धर्मेन्द्र कुमार तिवारी व फुटहिया चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह पहुंच गए। उग्र हो रहे लोगों को अधिकारियों ने समझा बुझाकर शांत कराया। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उधर, गांव के कुछ लोगों ने वहां दूसरी प्रतिमा रखवाने का प्रबंध करने में जुट गए।