संवाद न्यूज एजेंसी पैकोलिया (बस्ती)। सोमवार की सुबह पत्नी से विवाद के बाद क्षेत्र की असनहरा ग्राम पंचायत के प्रधान राम धीरज के 22 वर्षीय बेटे शनिदेव ने मालगाड़ी से कटकर जान दे दी। परिजनों के मुताबिक शनिदेव की खुदकुशी की जानकारी के बाद सदमे में अंजली ने भी दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार असनहरा के प्रधान राम धीरज के तीन बेटे अजय, शनिदेव और गौतम थे। 17 नवंबर 2024 को शनिदेव की शादी अयोध्या जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के हलकारा का पुरवा की रहने वाली अंजली के साथ हुई थी। दोनों के अभी बच्चे नहीं थे। शनिदेव के छोटे भाई गौतम ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब आठ बजे किसी बात को लेकर भाई और भाभी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद शनिदेव नाराज होकर घर से निकल गया।
शाम को पता चला कि गोरखपुर-गोंडा रेलखंड के बभनान और परसा तिवारी रेलवे स्टेशन के बीच परसा गांव के सामने शनिदेव ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी है। शनिदेव के आत्मघाती कदम की जानकारी के बाद परिवार में कोहराम मच गया, परिवार के पुरुष परसा के लिए निकल गए।
वहीं, पति की मौत की जानकारी के बाद अंजली बेसुध हो गई। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसे अस्पताल ले जाने के लिए परिवार के लोग निकले लेकिन रास्ते में ही सांसें थम गईं। इसके बाद शव लेकर परिजन घर लौट आए।
प्रधान के नवविवाहित बेटे-बहू की एक ही दिन मौत की जानकारी के बाद गांव में मातम छा गया। गांव में यह भी चर्चा रही कि पति की खुदकुशी की जानकारी के बाद अंजली ने जहर खाकर जान दे दी। मंगलवार को पति-पत्नी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।