नगर बाजार। आदर्श नगर पंचायत नगर बाजार क्षेत्र में शनिवार को भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था चरमरा गई। सुबह से गुल हुई बिजली दिन में महज 22 मिनट के लिए आई, इसके बाद फिर चली गई। घंटों आपूर्ति बाधित रहने से लोग उमस भरी गर्मी में बेहाल रहे। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग की व्यवस्था पर नाराजगी जताई।
बिजली कटौती का सबसे ज्यादा असर घरेलू कामकाज पर पड़ा। पंखे और कूलर बंद होने से लोग गर्मी में परेशान रहे। बिजली से चलने वाली मोटर न चल पाने के कारण कई घरों में पानी की समस्या भी खड़ी हो गई।
बुजुर्गों और छोटे बच्चों को सबसे अधिक दिक्कत हुई। लंबे समय तक बिजली न आने से कई घरों के इन्वर्टर भी जवाब दे गए। बाजार में आटा चक्की, वेल्डिंग, सैलून, मोबाइल रिपेयरिंग और कोल्ड ड्रिंक की दुकानों पर काम प्रभावित रहा। दुकानदारों का कहना था कि लगातार बिजली न रहने से दिनभर का कारोबार प्रभावित हो रहा है। संवाद