बस्ती। सोमवार की आधी रात को आया भयानक तूफान क्षेत्र में भारी तबाही लेकर आया। आसमान में बिजली की कड़कड़ाहट और तेज आंधी के बीच जिले में अलग-अलग स्थानों पर मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तूफान इतना जबरदस्त था कि कई जगहों पर पेड़ और बिजली के पोल धराशाई हो गए, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सोमवार की रात अलग-अलग समय पर मौसम विभाग का अलर्ट अलार्म बजा। अलार्म बजने के मात्र 15 से 20 मिनट बाद ही भीषण तूफान ने दस्तक दे दी। इसके प्रभाव से जगह-जगह पेड़-पौधे और उनकी टहनियां टूटकर गिरने लगीं। कई घरों के टीन-शेड उखड़कर दूर जा गिरे। सड़क पर चल रहे यात्री मौसम का यह विकराल रूप देखकर सहम गए। खतरे को भांपते हुए लोगों ने सड़क किनारे स्थित घरों, ढाबों, दुकानों और टोल प्लाजा जैसी जगहों पर अपने वाहन रोककर शरण ली। इस दौरान कई स्थानों पर बिजली के खंभे और तार भी टूटकर गिर गए, जिससे दर्जनों कस्बों और गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बस्ती-भानपुर, बस्ती-महुली, हनुमानगंज-विशुनपुरवा और भानपुर-रुधौली समेत कई प्रमुख मार्गों पर पेड़ गिरने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। लगभग आधे घंटे तक आंधी-तूफान का तांडव जारी रहा, जिससे घरों में मौजूद बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग रातभर दहशत में जागे रहे। तकरीबन आधे घंटे बाद जब बारिश शुरू हुई और आंधी की रफ्तार थमी, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। आंधी-पानी के कारण रात में ही गुल हुई बिजली अगले दिन मंगलवार की दोपहर बाद तक भी अधिकांश फीडरों में बहाल नहीं हो सकी थी। बिजली निगम के कर्मचारियों की टीमें जगह-जगह युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी रहीं।
तेज आंधी से उड़े टीनशेड :
दुबौलिया संवाद के अनुसार, सोमवार की रात आई आंधी के कारण कई लोगों के टीन सेड उड़ गए वहीं दर्जनों स्थानों पर पर पेड़ गिए गए। दुबौलिया ब्लॉक क्षेत्र के पूरे ओरी राय गांव निवासी देवनारायण त्रिपाठी के मकान का तेज आंधी के कारण टीनशेड उड़ गया। आंधी इतनी तेज थी कि करीब 30 फुट लंबी पक्की ईंट की दीवार पूरी तरह से ढह गई। टीनशेड के नीचे रखा सारा अनाज कपड़ा खराब हो गया। दीवार गिरने से चारपाई सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। हल्का लेखपाल अजीत सिंह ने नुकसान का आकलन का रिपोर्ट तहसील को भेजा। वहीं ब्लॉक क्षेत्र के लक्ष्मनपुर गांव निवासी बृजेश सिंह के मकान का टीनशेड दीवार सहित गिर गया। जिसे काफी नुकसान हो गया। गोबरिहिया गांव में नारायन मिश्रा के घर के सामने बना टीनशेड भी गिर गया।
आंधी से कच्चे मकान पर गिरा पेड़, मवेशी घायल : नगर बाजार संवाद के अनुसार, आदर्श नगर पंचायत नगर बाजार, बस्ती क्षेत्र के ग्राम टेमा से सटे ग्राम डुहवा में आंधी और बारिश ने भारी तबाही हुई है। गांव निवासी 61 वर्षीय शत्रुघ्न शुक्ला का कच्चे घर पर विशाल पीपल का पेड़ गिरने से वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें उनकी भैंस घायल हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, उचित मुआवजा और सरकारी आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।
शहरी क्षेत्र में 50 से अधिक जगहों पर हुए फाल्ट : तेज आंधी-तूफान के चलते सोमवार की रात करीब 12 बजे समूचे शहर की बिजली गुल हो गई। स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि आंधी-पानी थमने के बाद आपूर्ति बहाल हो जाएगी, लेकिन मौसम सामान्य होने के घंटों बाद भी घरों में अंधेरा पसरा रहा। तूफान के कारण कटरा, गांधीनगर, सिविल लाइंस, पुरानी बस्ती, पांडेय बाजार और पचपेड़िया मार्ग समेत कई इलाकों में बिजली के खंभे उखड़ गए, जबकि कई जगहों पर तार और जंपर टूटकर लटक गए। बिजली निगम के कर्मचारी रात में ही मरम्मत कार्य में जुट गए थे, लेकिन सुबह तक कुछ ही चुनिंदा इलाकों की बिजली चालू की जा सकी। दिनभर चले व्यापक मरम्मत कार्य के बावजूद गांधीनगर, कंपनीबाग, पुरानी बस्ती और पांडेय बाजार क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक मोहल्लों में बिजली ठप रही। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, शहरी क्षेत्र में आंधी-तूफान के कारण 50 से अधिक फॉल्ट दर्ज किए गए हैं। शहरी इलाकों में बिजली देर शाम सात बजे बहाल हुई।