बस्ती। आंधी में बिजली के पांच पोल टूट जाने से वीआईपी क्षेत्रों समेत शहर के 12 से अधिक मोहल्लों में बिजली की आपूर्ति बाधित रही। बिजली कब आएगी इसकी जानकारी विभाग के अधिकारी नहीं दे पा रहे हैं, बस इतना कह रहे हैं कि कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और कभी भी बिजली मिल सकती है। मुख्य अभियंता सीपी गुप्त ने बताया कि शाम को अचानक आई आंधी में अमहट स्थित पावर स्टेशन से संबंधित पांच पोल टूट कर गिर गए हैं जिसे ठीक कराया जा रहा है।
शाम पांच बजे धूल भरी तेज आंधी शुरू हो गई। इस दौरान बिजली के पांच पोल जमीन से उखड़ गए। मुख्य अभियंता ने बताया कि कुआनों नदी के किनारे एक साथ पांच लोहे के पोल टूट गए हैं। जिससे आपूर्ति बाधित हुई है। अमहट स्थित विद्युत उप केंद्र से सिविल लाइंस, आवास विकास कॉलोनी, कटरा, मालवीय रोड, न्याय मार्ग, पुरान डाकखाना सहित 12 मोहल्लों के हजारों उपभोक्ताओं को समझ में ही नहीं आया कि अचानक बिजली कैसे चली गई। इस पावर स्टेशन से आधे से अधिक गांधीनगर बाजार को बिजली मिलती है।
मुख्य अभियंता ने बताया कि पोल टूटने की खबर जैसे ही मिली उसे ठीक करने के कार्य शुरू कर दिया गया। चूंकि टूटे हुएपोल के स्थान पर नया पोल लगाना है, इस लिए उसमें देरी हो रही है। बताया कि पोल लगाने के कई घंटें बाद तार दौड़ाया जाता है। हांलाकि उन्होंने कहा कि देर रात्रि तक बिजली मिलने की संभावना है। बताया कि यह पहली बार ऐसा हुआ है कि एक साथ और एक ही स्थान पर पांच लोहे के पोल टूट गए हैं।
उपभोक्ताओं को जैसे ही पोल टूटने की खबर लगी वह परेशान हो गए, सबसे अधिक लोगों को पानी को लेकर हो रही हे। लोग घर फोन कर इनवर्टर की बिजली कम खर्च करने की हिदायत देते रहे। टीवी और पंखा न चलाने की बातें कहते सुने गए। बिजली बाधित होने का गुस्सा सबसे अधिक सिविल लाइंस और आवास विकास कालोनी के हजारों उपभोक्ताओं में हैं। अगर इन लोगों को शीघ्र बिजली नहीं मिली यह गुस्सा कभी भी फूट सकता है। कई उपभोक्ता इसे विभाग की लापरवाही मान रहे हैं, कह रहे कि विभाग की देखरेख की कमी के चलते एक साथ इतने सारे बिजली के पोल टूट गए। कई तो रास्ता जमा करने का मन बना रहे हैं।
टिनशेड उड़कर तार में फंसा
महराजगंज। कप्तानगंज कस्बे में तेज हवा के चलते टिन शेड उड़कर हाईटेंशन तार में फंस गया, जिससे बाजार में अफरातफरी मच गई। बाजार के लोगों ने बिजली सप्लाई कटवाकर टिन शेड हटवाया। जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज कस्बे में शनिवार को सायं चार बजे तेज हवा के चलते बाजार के छट्ठी दीन की छत पर रखा टिन शेड उड़कर छत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार में फंस गया। उससे तार से चिन्गारी निकलने लगी। यह देखते ही बाजार में अफरातफरी मच गई। लोगों ने बिजली कटवाकर बिजली कर्मियों से टिन शेड को नीचे उतरवाया।
कई जगह छप्पर उड़ गए
दुबौलिया। क्षेत्र में शनिवार शाम को आई आंधी से गोकुलपुर, बेमहरी, धरमूपुर, लक्ष्मणपुर गांवो में आंधी से कई घरों के छप्पर उड़ गए। जबकि कई जगह खंभे टूट गए।