नई सरकार से युवाओं को रोजगार और सस्ती शिक्षा की उम्मीद
बस्ती। प्रदेश सरकार का गठन होते ही योगीराज 2.0 शुरू हो गया। ऐसे में युवाओं की उम्मीदें भी परवान चढ़ने लगी हैं। युवा बताते हैं प्रदेश में फिर से कानून का राज स्थापित हो गया है। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को युवाओं पर विशेष ध्यान देना होगा। इस बार रोजगार के नए अवसर, सरकारी नौकरियों में नियुक्ति और सस्ती शिक्षा के लिए सरकार को विशेष काम करना चाहिए। युवा कहते हैं कि हमें उम्मीद है कि सूबे के मुख्यमंत्री इस बार युवाओं को विशेष प्राथमिकता देंगे। प्रस्तुत है युवाओं से बातचीत के अंश।
सरकारी नौकरियों में जल्द शुरू हो नियुक्ति
सरकार महिलाओं और बेटियों के उत्थान को लेकर खूब काम किया है। जिसका असर भी स्पष्ट देखा जा सकता है। लेकिन, इस बार सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करके सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराए।
अमिता उपाध्याय, बैरागल
सस्ती शिक्षा के लिए काम करे सरकार
निजी संस्थानों में शिक्षा बहुत मंहगी हो चुकी है। सस्ती शिक्षा के लिए सरकार को ठोस कदम उठाना होगा तभी नए भारत का सपना साकार होगा। वरना तमाम युवा रुपये के अभाव में शिक्षा से वंचित हो जाएंगे।
आदर्श पांडेय, दुबौलिया
रोजगार के नए अवसर पैदा करने होंगे
यदि सरकारी विभागों में खाली सभी पदों पर नियुक्तियां हो जाती हैं तब भी तमाम युवा रोजगार से वंचित रह जाएंगे। ऐसे में सरकार को रोजगार के नए अवसर पैदा करने होंगे। ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सके।
आदर्श पाठक, पटखापुर
युवाओं के लिए करना होगा अधिक काम
बड़ी संख्या में युवा बेरोजगार हैं। वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अपना ज्यादा समय बिता रहे हैं। लेकिन नौकरियों की रिक्तियां नहीं निकाली जा रही हैं। इस बार सरकार को युवाओं के लिए अधिक काम करना चाहिए।
दीप्ति श्रीवास्तव, सिकंदरपुर
जिले भर में लोगों ने मनाई खुशी
बस्ती। योगी आदित्यनाथ के दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही जिले भर में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की है। एक दूसरे को मिठाई खिलाए। तमाम जगहों पर आतिशबाजी भी की गई। जिले के बभनान, सोनहा, भानपुर, हर्रैया, कप्तानगंज, विक्रमजोत, परशुरामपुर, बहादुरपुर, कलवारी, रामनगर, बनकटी आदि क्षेत्रों में लोगों ने खुशी मनाई। संवाद