परीक्षा केंद्र पर लगी लंबी कतार।
- फोटो : amar ujala
बस्ती। यूपी पुलिस/पीएसी आरक्षी भर्ती परीक्षा 2018 का पहला दिन सकुशल संपन्न हुआ। जिले के नौ परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में करीब सवा आठ हजार परीक्षार्थी पहुंचे। कड़ी धूप और उमस के बीच उलझे सवालों का जवाब लिखते वक्त परीक्षार्थी पसीने से तर-बतर दिखे। जिले में कुल 19 हजार 200 अभ्यर्थियों में से पहले दिन की पहली पाली में 4111 और दूसरी पाली में 4166 अभ्यर्थियों ने कुल नौ केंद्रों पर परीक्षा दी। इस तरह दोनों पालियों में मिलाकर 8277 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 1323 अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित रहे। इनमें ज्यादातर केंद्र पर देेर से पहुंचने के कारण चूक गए।
प्रात: 10 बजे से 12 और दोपहर बाद 03 बजे से शाम पांच बजे के बीच संपन्न हुई परीक्षा के दौरान डीआईजी डॉ. राकेश शंकर, एसपी दिलीप कुमार, सीओ सिटी आलोक सिंह समेत अन्य अधिकारी केंद्रों का भ्रमण करते रहे। नोडल अधकारी/एएसपी पंकज ने बताया कि किसी भी केंद्र से कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई। नोडल के अनुसार मंगलवार को भी पूरी तन्मयता से दोनों पालियों की परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। डीआईजी ने बताया कि पूरी तरह से पारदर्शी व्यवस्था के बीच परीक्षा संपन्न हुई।
इन केंद्रों पर हुई परीक्षा
गोविंद राम सक्सेरिया इंटर कॉलेज, बेगम खैर इंटर कॉलेज, खैर इंटर कॉलेज, द सिटी मांटेसरी स्कूल, यूनिक साइंस एकेडमी, उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी, सरला इंटरनेशनल, श्री हंसराज लाल इंटर कॉलेज गनेशपुर, राम सहाय सिंह कन्या महाविद्यालय पर परीक्षा संपन्न हुई।