बस्ती। पांच वर्ष की मासूम से हैवानियत की घटना का पर्दाफाश न होने से लोगों का धैर्य टूट रहा है। गांव के लोग पुलिस की बार-बार पूछताछ से परेशान हैं। बुधवार को भी पांच-छह युवकों को पुलिस थाने ले जाकर पूछताछ की।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि दरिंदे की करीब-करीब पहचान की जा चुकी है। सिर्फ पुख्ता साक्ष्य मिलना बाकी है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर पुलिस अभी सिर्फ इतना बता रही है कि छानबीन बिल्कुल सही दिशा में जा रही है।
एसपी अभिनंदन ने बताया कि केस से जुड़े कई अहम जानकारियां पुलिस के हाथ लग चुकी हैं। बहुत जल्द ही इस जघन्य घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। रविवार को दोपहर करीब दो बजे दादी को ढूंढ़ने के लिए पांच वर्ष की मासूम गांव में निकली थी। रात आठ बजे तक कहीं पता न चलने पर परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और गांव के लोगों ने रात 12 बजे तक गांव के कोने-कोने को छान मारा। एसपी अभिनंदन, एएसपी ओपी सिंह कई थानों की फोर्स लेकर पहुंच गए।
उसी दौरान घर से तीन सौ मीटर दूर कब्रिस्तान के पास मासूम का शव मिला। शुरुआत में पुलिस कयास लगा रही थी कि तंत्रमंत्र करने वाले ने उसकी हत्या की होगी मगर सोमवार को देर शाम पोस्टमार्टम में हैवानियत की बात सामने आई।