बस्ती नगर थाना क्षेत्र के पाल्हा में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। जिसमें एक व्यक्ति को कुछ लोग कार से अपहरण कर ले जा रहे थे। इसी थाने के बक्सर गांव के पास पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और थाना पर ले आयी। पुलिस ने पीडिता की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ मारपीट, बलबा, हत्या की नीयत से अपहरण करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पाल्हा निवासी फूलमती पत्नी सुरेमन ने तहरीर में आरोप लगाया है कि उसका मामूली बात पर शकुन्तला पत्नी राधेश्याम से विवाद हो गया था। इसी बात से नाराज होकर उनके कुछ रिश्तेदार व अन्य लोग जिसमें राधेश्याम, जगदीश शुक्ला, रामकुमार, रामसरण, अमन, विनोद कुमार, शिवम शुक्ला, गौरव शुक्ला उर्फ आनंद प्रकाश निवासी झरकटिया थाना पुरानी एक साथ आए और हमें व हमारे पति को मारपीट कर घायल कर दिया।
उसके बाद हत्या की नीयत से हमारे पति को स्विफ्ट डिजायर कार में अपहरण कर ले जाने लगे। समय पर सूचना पाकर नगर पुलिस सक्रिय हुई और कार व बुलेट से जा रहे आरोपियों को बक्सर के पास रोक लिया और अपहरण कर ले जाए जा रहे सुरेमन को सकुशल बचा लिया।
थाना प्रभारी नगर मृत्युंजय पाठक ने बताया कि थाने के एसआई श्रीहरि राय, अमित कुमार सिंह, श्रवण कुमार यादव, इन्द्रप्रताप सिंह, अर्जुन तिवारी के अलावा कांस्टेबल आशीष श्रीवास्तव, दुर्गेश सिंह व करिश्मा तिवारी की तत्परता से सभी पकड़े गए।