अमरनाथ हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार
- हर्रैया थाना क्षेत्र के अजगरा में एक अप्रैल को जमीन के विवाद में हुई थी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया (बस्ती)। अजगरा गांव में एक अप्रैल को खेत जोतवाने गए शख्स की हत्या के मामले में नामजद दो आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को संसारीपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों में रामदीन व राम संवारे निवासी अजगरा बांसगांव शामिल हैं। इससे पहले मामले में गांव के राम स्वारथ व उसके पुत्र घनश्याम की गिरफ्तारी हो चुकी है।
जमीन के विवाद में अजगरा के संतोषी पुरवा निवासी अमरनाथ की फरसे से काटकर हत्या कर दी गई थी। हमले में मृतक का पुत्र, पत्नी, चाचा व चचेरे भाई को भी चोट आई थी। मामले में मृतक अमरनाथ की पत्नी किरण देवी की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी राम स्वारथ सहित 11 लोगों पर हत्या व बलवा सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।