बस्ती। पूरे विश्व के लिए आकर्षण का केंद्र बनी भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में लगातार बढ़ रही गहमा-गहमी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ चुकी हैं। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की वजह से एनएसजी की टीमों ने भी बस्ती समेत बार्डर के जनपदों की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर यात्रियों और वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई है।
संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ड्रोन उड़ाकर बहुमंजिली इमारतों के छतों की निगरानी कर रही है। अयोध्या जाने वाले सभी रूटों पर गुजरने वाले वाहनों की जांच भी की जा रही है। होटलों में कमरा लेकर ठहरने वाले यात्रियों के बारे में भी पुलिस सूचनाएं एकत्र कर रही है। उधर, ग्राम सुरक्षा समितियों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों से भी पुलिस समन्वय बनाकर 22 जनवरी के उत्सव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में जुटी हुई है। अयोध्या के साथ-साथ जिले में आयोजित होने जा रहे कार्यक्रमों पर पुलिस की पैनी नजर है।
कड़ाके की ठंड के बीच ड़्यूटी पर डटे पुलिस कर्मियों को प्रोत्साहित करने और आम लोगों में सुरक्षा का एहसास दिलाने के लिए बृहस्पतिवार को पुलिस अधिकारी भी सड़क पर उतर आए। आईजी आरके भारद्वाज ने एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी, एडिशनल एसपी ओपी सिंह, सीओ सिटी विनय चौहान व भारी पुलिस व पीएसी बल के साथ शहर में पैदल मार्च किया। इस दौरान जवानों का अधिकारियोे ने उत्साहवर्धन किया। संदिग्धों की जांच भी की गई। आईजी ने बताया कि ड्रोन से छतों की निगरानी के पीछे मंशा है कि कोई अराजकतत्व चुपके से कोई गतिविधि न संचालित कर पाए। रात में एएसपी ओपी सिंह ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जांच की। रेलवे स्टेशन परिसर में जीआरपी व रेलवे पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से संदिग्ध व्यक्तियों/वस्तुओं/वाहनों एवं सीसीटीवी कैमरों की सघन चेकिंग की गयी। ढाबा होटलों की चेकिंग कर होटल/ढाबा संचालकों से संवाद स्थापित कर सीसीटीवी की क्रियाशीलता चेक की गयी।
क्षेत्र में ड्रोन से की जा रही निगरानी
22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की सुरक्षा को लेकर कलवारी थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। बृहस्पतिवार को पुलिस कर्मियों ने थाना क्षेत्र के माझा खुर्द, कलवारी, कुसौरा व नगर पंचायत गायघाट में ड्रोन द्वारा सुरक्षा-व्यवस्था का रिहर्सल भी किया गया। थानाध्यक्ष कलवारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए गए सरकारी आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।इस मौके पर चौकी इंचार्ज माझा खुर्द विवेकानंद त्रिपाठी, चौकी इंचार्ज गायघाट जितेन्द्र मिश्रा, चौकी इंचार्ज बहादुरपुर सैयद वसी हैदर, मुख्य आरक्षी अखिलेश कुमार यादव, महिला आरक्षी शुभांगी सहित पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।
थाने में की गई बैठक
बृहस्पतिवार को थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक सोनहा विनोद कुमार मिश्र के अध्यक्षता में ग्राम प्रधान ,बीडीसी , जिलापं चायत सदस्य व धर्मगुरु , सम्भ्रांत व्यक्ति , शांति समितियों के अध्यक्षों की एक गोष्ठी आयोजित कर लोगों से 22 जनवरी को श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में सहयोग की मांग की गई है।