बस्ती। शहर के रौता चौराहे पर स्थित श्नैश्वर मंदिर में अयोध्या में श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर उत्साह है। लोगों के सहयोग से मंदिर को सजाया जा रहा है। 21 जनवरी से लगातार 24 घंटे राम नाम संकीर्तन होगा। इसके बाद भंडारा का भी आयोजन किया जाएगा। श्नैश्वर मंदिर के संयोजक पं. सरोज मिश्र व संस्थापक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मंदिर प्रबंधन श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर महीने भर से तैयारी में जुटा है। स्थानीय लोगों के सहयोग से 22 जनवरी तक होने वाले संकीर्तन से यहां का माहौल राममय हो उठेगा।
19 स्थानों पर पूजा व रामायण पाठ
भानपुर। 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत तहसील क्षेत्र के 19 मंदिरों पर पूजा-अर्चना और रामायण पाठ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की निगरानी के लिए एसडीएम शत्रुध्न पाठक ने राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग मदिरों पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। रामनगर ब्लॉक के आदमपुर, रामनगर, नरखोरिया, छितिरगांवा, मैलानी साहब वाजिद, इब्राहिमचक शेखापुर और धौरहरा के डिडई माफी स्थित मंदिरों को कार्यक्रम का आयोजन होगा। सल्टौआ ब्लॉक में बहेरिया, जाता, तेलियाडीह, जिनवा, सल्टौआ, अमरौली सुमाली, कोरियाडीह, टिनिच शुक्ल, ककरहिया, पोखरभिटवा के मंदिरों पर आयोजन होगा। नगर पंचायत भानपुर के दो वार्डों वशिष्ठनगर के हनुमान मंदिर उकड़ा और शिवाजीनगर समयमाता मंदिर बैड़वा पर विशेष आयोजन की तैयारी है। इसके लिए क्षेत्रीय लेखपाल, सचिव, बीडीओ, नायब तहसीलदार और संबधित थाना क्षेत्र के निरीक्षक की ड्यूटी लगाई गई है।