अनुसूचित जाति को दिलाया जाए शासकीय योजनाओं का लाभ : धीरेंद्र कुमार
बस्ती। अनुसूचित जाति के व्यक्तियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। यदि सिर पर मैला ढोने वाला कोई व्यक्ति मिलता है तो उसके पुनर्वास की व्यवस्था की जाए। ऐसे व्यक्ति का नाम, पता समाज कल्याण विभाग में अवश्य भेजा जाए जिससे उसे कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
यह निर्देश राज्य स्तरीय निगरानी समिति (स्वच्छकार विमुक्ति एवं पुर्नवास अधिनियम-2013 एमएस एक्ट), सदस्य राज्य सलाहकार समिति, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना आवास धीरेन्द्र कुमार वाल्मीकि ने दिए हैं। वे सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। कहा कि भारत सरकार की ओर से पुनर्वास के लिए 40 हजार रुपये दिए जाते हैं। इसके अलावा व्यवसाय करने के लिए ऋण दिलाया जाता है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड, गैस कनेक्शन एवं अन्य सुविधाएं दिलाई जाती हैं। उन्होंने जिले के बीस प्रधानमंत्री आदर्श गांव में संचालित योजनाओं की समीक्षा किया तथा निर्देश दिया कि सभी पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। समाज कल्याण अधिकारी एसपी पांडेय ने बताया कि आदर्श गांव में 355 राशन कार्ड, 1657 स्वच्छ शौचालय, 1655 आयुष्मान कार्ड, 57 रक्तअल्पता वाली गर्भवती महिलाएं, आठ कम वजन के बच्चे चिन्हित करके लाभान्वित किया गया। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. सीएल कन्नौजिया, डीएसओ सत्यवीर सिंह, डीपीआरओ एसएस सिंह, जिला समन्वयक राजाशेर सिंह, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी संचितमोहन तिवारी, यूपी सिडको के परियोजना प्रबंधक आदि मौजूद रहे।