नगर बाजार(बस्ती)। थाना क्षेत्र के फुटहिया फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से पिकअप चालक की मौत हो गई। हादसा दिन में करीब डेढ़ बजे हुआ है।
लखनऊ से गोरखपुर की तरफ जा रहे पिकअप को अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। उसका अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा हैं पिकअप में चालक अकेले ही था।
पिकअप में चालक की पहचान मोहम्मद आरिफ पुत्र अब्दुल हकीम के रूप में हुई है। वह अरैला नवाबाद, थाना आसपुर देवसरा, जनपद प्रतापगढ़ का निवासी बताया गया है।
हादसे के बाद पुलिस ने पिकअप चालक को घायलावस्था में जिला अस्पताल भेजवाया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। पुलिस शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी हुई है।