अब नंबर बढ़वाने के लिए रुपये मांगने के आने लगे फोन
बस्ती। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। परिणाम आना बाकी है। इसी बीच नंबर बढ़वाने के नाम पर रुपये एंठने वाले ठग सक्रिय हो गए हैं। जो परीक्षार्थियों को पास कराने और अच्छे नंबर दिलाने के लिए मोबाइल पर फोन करके रुपये मांग रहे हैं।
हर्रैया के एक परीक्षार्थी से पांच से सात हजार की मांग की जा रही है जिसको लेकर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव दिव्यकांत शुक्ला ने पत्र के जरिए मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) को निर्देशित किया है कि वह फोन करके रुपये मांगने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं।
जेडी ने डीआईओएस को कार्रवाई का निर्देश दिया है।
मंडलीय शिक्षा निदेशक मनोज द्विवेदी ने बताया कि बोर्ड के सचिव के पास परीक्षार्थियों से अंक बढ़ाने और पास करने के नाम पर रुपये मांगे जाने की शिकायत पहुंची है जिसके कारण बोर्ड की छवि खराब हो रही है। इसको लेकर डीआईओएस को निर्देशित किया गया है कि ठगों के रुपये मांगने की शिकायत मिलने पर एफआईआर दर्ज कराई जाए।
हर्रैया तहसील के आदर्श इंटर कॉलेज के इंटर के छात्र ने बताया कि उसकी मोबाइल पर फोन आया कि प्रयागराज से बोल रहा हूूं। अंग्रेजी में केवल 15 नंबर मिले अगर 70 प्रतिशत नंबर चाहिए तो सात हजार रुपये भेज दो। छात्र ने कहा कि मेरे पास इतने रुपये नहीं हैं। उसने यह बात अपने घर वालों को बताई जिसकी शिकायत बोर्ड कार्यालय पर भी किया।
---
ऐसे तत्वों से रहें सावधान
इस तरह का फोन आने पर परीक्षार्थी किसी को रुपये न दें। बोर्ड की परीक्षा के अंक कोई बढ़वा नहीं सकता न ही बोर्ड से कोई ऐसा फोन कर सकता है। इस मामले की जानकारी बोर्ड के सचिव को दी जाएगी जिससे फोन करने वालों का पाला लगाया जा सके।
-मनोज कुमार द्विवेदी, संयुक्त शिक्षा निदेशक
----
ऐसे फोन आए तो पुलिस को दें सूचना
अपराधी नए-नए तरीके से लोगों का शिकार बनाते हैं। सावधान रहने की जरूरत है। परीक्षा में पास कराने या नंबर बढ़ाने के लिए कोई रुपये मांगता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
-आशीष श्रीवास्तव, एसपी