मानिकचंद। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बस्ती-बांसी मार्ग पर शुक्रवार सुबह कार को पुलिस की एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। हादसा मकदा गांव के सामने हुआ। कार के अगले हिस्से के परखचे उड़ गए, लेकिन कार चालक और पुलिस एंबुलेंस में सवार लोग बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, पुर्सिया निवासी 50 वर्षीय धीरेंद्र कुमार सिंह पुत्र स्व. चंद्रमणि सिंह कार से अपनी पत्नी को लाने रेलवे स्टेशन जा रहे थे। मकदा गांव के सामने सिद्धार्थनगर की पुलिस एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। एंबुलेंस में पांच आरक्षी वर्दी में सवार थे।
धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वे संतकबीरनगर की एक सीएचसी में फार्मासिस्ट हैं। उन्होंने कहा कि पत्नी को रिसीव करने के बाद वह ड्यूटी के लिए जा रहे थे। घटना के बाद पुलिस अपनी गाड़ी लेकर बस्ती की ओर चली गई, जबकि कार चालक ने मौके पर पहुंचकर घटना की सूचना स्थानीय अधिकारियों को दी।