पीसीएफ के दो धान क्रय केंद्र निरस्त
बस्ती। पीसीएफ बायपोखर और बेईली धान क्रय केंद्रों को डीएम ने शुक्रवार को निरस्त कर दिया। 27 नवंबर को बायपोखर का निरीक्षण किया था जहां अनियमितता मिली थी। 28 को अपर जिला अधिकारी ने पीसीएफ के बेईली क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां भी अनियमितता पाई गई। अनुमोदन के बाद इन दोनों क्रय केंद्रों को निरस्त कर दिया गया है।
जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने धान खरीद केंद्र के शिथिल पर्यवेक्षण को देखते हुए पीसीएफ के जिला प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निर्देशित किया गया है कि दो दिन में आख्या प्रस्तुत करें। बायपोखर केंद्र पर नियमानुसार धान खरीद न करने, निरीक्षण में कोई भी अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने एवं 357 क्विंटल धान खरीद के सापेक्ष किसानों को भुगतान का प्रपत्र प्रस्तुत न करने आदि अनियमितता मिलने पर मुंडेरवा थाने में केंद्र प्रभारी पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। वहीं अपर जिलाधिकारी/प्रभारी अधिकारी धान खरीद रमेशचंद्र की ओर से 28 नवंबर को पीसीएफ के बेईली, कलवारी एवं खाद्य विभाग के कुसौरा धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। बेईली धान क्रय केंद्र के प्रभारी की ओर से अपने मकान मेें संचालित करने, धान खरीद नहीं होने जैसी शिथिलता पर डीएम ने निरस्त कर दिया है। पीसीएफ सहित अन्य धान खरीद एजेंसियों के जनपद स्तरीय अधिकारियों को जिलाधिकारी ने कड़ी चेतावनी दी है। निर्देश दिया है कि दो दिन में समस्त धान क्रय केंद्रों पर किसानों से नियमानुसार धान खरीद शुरू कर रिपोर्ट अपर जिलाधिकारी/प्रभारी अधिकारी धान खरीद को प्रस्तुत करें। डिप्टी आरएमओ गोरखनाथ तिवारी ने बताया कि निरस्त किए गए बायपोखर केंद्र से संबद्ध किसान देवरियामाफी के क्रय केंद्र तथा बेईली से संबद्ध किसान कलवारी क्रय केंद्र पर धान बेच सकते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान शासनादेश के अनुसार किसान किसी भी क्रय केंद्र पर धान बेच सकते हैं।