स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा करते यात्री।संवाद
- फोटो : reasi news
बस्ती। कोहरे के चलते एक्सप्रेस ट्रेनों का लेट होने का सिलसिला जारी है। स्टेशन पर ठंड की मार यात्री झेल रहे हैं। ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों को कई घंटे तक प्लेटफाॅर्म पर बैठना पड़ रहा है। कुछ ट्रेनें इतना विलंब से चल रही हैं कि रातभर यात्रियों को स्टेशन पर बैठना पड़ रहा है। गोमती नगर अमृत भारत अप एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 23 घंटे की देरी से चल रही है।
पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते जाने वाली गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को शनिवार की रात 12:30 बजे बस्ती स्टेशन पर आने का समय था। लेट होने से यह ट्रेन रविवार की रात 10:50 बजे आने की संभावना है। इसी तरह बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन को रविवार शाम 4:11 बजे आने का समय था। मगर 12 घंटे लेट होने से अब यह ट्रेन सोमवार को सुबह सात बजे आने की संभावना है। रेलवे समय सारणी के अनुसार जो एक्सप्रेस ट्रेनें कई घंटे की देरी से चल रही है।
इनमें सत्याग्रह एक्सप्रेस एक घंटे, गोरखधाम-सुपरफास्ट डाउन एक्सप्रेस 9:30 घंटे, मोरध्वज एक्सप्रेस चार घंटे, दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल चार घंटे, अवध एक्सप्रेस एक घंटे, मुजफ्फरपुर जनसाधारण डेढ़ घंटे, बाघ एक्सप्रेस दो घंटे, अमरनाथ-सुपरफास्ट एक्सप्रेस तीन घंटे, दरभंगा क्लोन स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन पांच घंटे, अवध आसाम आठ घंटे, दरभंगा-अमृत भारत डाउन एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 18 घंटे की देरी से चल रही है। इस ट्रेन को दिन में एक बजे स्टेशन पर आने का समय था। अब इस ट्रेन के सोमवार की सुबह 6:30 बजे के बाद आने की संभावना है। रेलवे प्रशासन की ओर से गोंडा-गोरखपुर अप और डाउन व जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन निरस्त रही।
कोट
कोहरे में ट्रेन संचालन को लेकर रेलवे प्रशासन की ओर से लगातार सतर्कता बरती जा रही है। भीषण कोहरे के चलते कुछ एक्सप्रेस ट्रेन विलंब हो जा रही हैं। यात्रियों की सहूलियत के लिए स्टेशन पर पूछताछ काउंटर के माध्यम से ट्रेनों का प्रसारण लगातार कराया जा रहा है।
-पंकज कुमार सिंह, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर