गोरखपुर से अयोध्या जंक्शन तक जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को यात्रियों की समस्याओं को देखते हुए शुक्रवार से फिर से संचालित कर दिया है। इससे यात्रियों को अब काफी सहूलियत मिलेगी। यह पैसेंजर ट्रेन दो दिसंबर से निरस्त चल रही थी।
वहीं, बस्ती से प्रयागराज जाने वाली मनवर संगम एक्सप्रेस के साथ ही गोरखपुर से गोंडा जाने वाली पैसेंजर ट्रेन दो दिसंबर से रेलवे बोर्ड के आदेश से निरस्त चल रही है। जिससे ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को आने जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा है।
रेलवे बोर्ड की ओर से कोहरे का कारण बताकर गोरखपुर से गोंडा जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को 31 दिसंबर तक एवं मनवर संगम एक्सप्रेस ट्रेन को आगामी एक मार्च तक निरस्त किया गया है। इससे बस्ती से मनकापुर, अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ से प्रयागराज तक यात्रा करने वाले यात्रियों को अब मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
बभनान बाजार के शुभम जायसवाल, गौर बाजार के अजय गुप्ता ने बताया कि रेल मंत्रालय ने गोरखपुर-अयोध्या पैसेंजर ट्रेन चलाकर छोटे रेलवे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को थोड़ी राहत दे दी है। लेकिन गोरखपुर-गोंडा पैसेंजर ट्रेन के बंद होने से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
पहले छोटे व्यापारी पैसेंजर ट्रेन से अपनी खरीदारी कर आसानी से व्यापार कर लेते थे, लेकिन अब ट्रेनों के निरस्त होने से लोगों को बड़े शहरों में जाने के लिए काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है।
प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र विनय यादव, शिवम सिंह, वर्षा श्रीवास्तव ने बताया कि मनवर संगम एक्सप्रेस ट्रेन के निरस्त होने से सबसे ज्यादा दिक्कत छात्र-छात्राओं को हो रही है।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर से अयोध्या तक जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को यात्रियों की समस्याओं को देखते हुए रेलवे बोर्ड के निर्देश पर फिर से संचालित कर दिया गया है।