बस्ती। किसानों और व्यापारियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई गई कृषि उत्पादन मंडी समिति में खुलेआम अवैध वसूली का खेल चल रहा है। हाल ही में मंडी सचिव के रिश्वत मामले में जेल जाने के बाद भी कर्मियों में कोई डर व भय नहीं है। उनका वसूली अभियान बदस्तूर जारी है।
पॉलिटेक्निक चौराहे और फल मंडी गेट पर दिनभर ठेले, ऑटो, पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आने वाले किसानों अथवा व्यापारियों से खुलेआम पैसे लिए जा रहे हैं। इस कारण किसान संगठनों और कारोबारियों में नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पॉलिटेक्निक चौराहे के पास एक धर्मकांटे पर कुछ लोग खुद को मंडी कर्मचारी बताकर मनमाने ढंग से वसूली करते हैं।
नाम न छापने की शर्त पर एक व्यापारी ने बताया कि मैजिक गाड़ी से 50, पिकअप से 70, टाटा- 407 से सौ, ट्रैक्टर-ट्रॉली से डेढ़ सौ, डीसीएम से तीन सौ और ट्रक से पांच सौ से एक हजार रुपये (छोटे-बड़े के हिसाब से) वसूली की जा रही है। इतना ही नहीं, सब्जी मंडी गेट पर ठेला वालों से पांच, टैंपो से 10, मैजिक से 20 और पिकअप से 40 रुपये वसूले जा रहे हैं।
विभागीय जानकार बताते हैं कि इसका नियमानुसार रसीद कटनी चाहिए। डेढ़ प्रतिशत मंडी शुल्क एवं एक प्रतिशत यूजर चार्ज सरकारी खजाने में जमा होना चाहिए, लेकिन ऐसा कुछ नहीं किया जा रहा है। व्यापारियों का कहना है कि प्रतिदिन यह वसूली उनकी लागत बढ़ा रही है। इससे लाभ कम होता जा रहा है। विरोध करने पर वसूली करने वाले बदसलूकी पर उतर आते हैं।
किसानों ने आरोप लगाया कि मंडी समिति का जिम्मेदार अमला इन गतिविधियों से पूरी तरह वाकिफ है, मगर कार्रवाई करने के बजाय आंखें मूंदे हुए है। उनका कहना है कि मंडी सचिव की गिरफ्तारी के बाद उम्मीद थी कि वसूली पर रोक लगेगी, लेकिन हालात पहले से बदतर हो गए हैं। कई व्यापारी तो डर के कारण शिकायत भी नहीं कर पाते।