अभी हफ्ते भर और सताएगी शीतलहर
बस्ती। फरवरी का पहला हफ्ता बीत जाने के बावजूद सर्दी का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि अभी एक हफ्ते तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है। 15 फरवरी के बाद ही गलन वाली सर्दी से कुछ हद तक निजात मिलने के आसार हैं। सर्दी के लंबा खींचने की वजह पहाड़ी इलाकों से होकर आ रही उत्तर पश्चिमी हवाएं बताई जा रही हैं।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र के अनुसार बुधवार को पूर्वी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान थोड़ा ऊपर भले ही रहा हो, लेकिन बृहस्पतिवार को जैसे ही पछुआ हवा चलने लगेगी, एक बार फिर न्यूनतम तापमान दो डिग्री नीचे चला जाएगा। यानी शुक्रवार को शुक्रवार 11 फरवरी को अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 09 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का अनुमान है। शनिवार को भी अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस तापमान रह सकता है। आम तौर पर वसंत पंचमी के बाद ठंडक धीरे-धीरे कम होने लगती है। पिछले कई वर्षों में देखा गया कि वसंत पंचमी के एक दो दिन बाद न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच जाता है और लोगों को गलन से काफी हद तक मुक्ति मिल जाती है। मगर इस बार हैरान करते हुए मौसम एक नए रंग में दिख रहा है। जिसके 15 फरवरी तक कायम रहने का अनुमान है।
एक हफ्ते का पूर्वानुमान
- बृहस्पतिवार 10 फरवरी अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस
- शुक्रवार 11 फरवरी अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 09 डिग्री सेल्सियस
- शनिवार 12 फरवरी अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस
- रविवार 13 फरवरी अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस
- सोमवार 14 फरवरी अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस
- मंगलवार 15 फरवरी अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस
- बुधवार 16 फरवरी अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस