बस्ती। माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले के माध्यमिक विद्यालयों का ऑनलाइन डाटा भरने का कार्य गति पकड़ रहा है। परीक्षा केंद्र निर्धारण और व्यवस्थाओं के आकलन के लिए विद्यालयों से 89 बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी मांगी जा रही है।
डाटा में विद्यालय की जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, तहसील और ब्लॉक मुख्यालय से दूरी शामिल है। विद्यालय की मान्यता (बालक, बालिका या सहशिक्षा) और यू-डाइस कोड भी दर्ज करना होगा। प्रधानाचार्य या प्रबंधक का आवास परिसर में होने की जानकारी भी मांगी गई है। प्रबंधतंत्र में किसी विवाद का विवरण देना अनिवार्य है। विद्यालय में उपलब्ध कक्षों, कक्षा-कक्षों की संख्या और मान्यता का वर्ष भी अपलोड किया जा रहा है। हाईस्कूल या इंटरमीडिएट स्तर की मान्यता का विवरण भी देना होगा।
बिजली, पेयजल, जनरेटर, वेबकास्टिंग उपकरण, चाहरदीवारी और अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता दर्ज करनी है। विभाग ने वर्ष 2024 से 2026 के दौरान बोर्ड परीक्षाओं में नकल या अभद्रता जैसी घटनाओं की जानकारी भी मांगी है। कार्यरत स्टाफ की संख्या सहित अन्य विवरण भरना अनिवार्य है। डाटा भरने के साथ प्रधानाचार्य को ऑनलाइन घोषणा-पत्र भी जमा करना होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह ने प्रधानाचार्यों को समय पर सही सूचनाएं दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।