एआरटीओ दफ्तर में कर्मचारी पर जानलेवा हमला, केस
बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के कटरा आईटीआई स्थित एआरटीओ विस्तार पटल पर डेटा इंट्री ऑपरेटर सूफियान अहमद की कुछ मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। खून से लथपथ सूफियान को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमला समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
शहर के मिल्लतनगर तुर्कहिया निवासी सूफियान अहमद एआरटीओ दफ्तर में डेटा इंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी तहरीर के अनुसार शुक्रवार को दिन में करीब दो बजे कुछ लोग आकर आवेदक के आए बिना उसकी बॉयोमीट्रिक प्रक्रिया पूरी करने का दबाव बनाने लगे। जब उन्होंने ऐसा कर पाने से मना किया तो चारो लोग मिलकर उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया। मारपीट में उनका सिर फट गया और वह बेहोश हो गए। उन्हें साथियों ने अस्पताल पहुंचाया।
कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि लालू यादव निवासी स्टेडियम कालोनी कटरा, सूरज गुप्ता निवासी कटरा पानी की टंकी, सुनील गुप्ता निवासी एसपी ऑफिस के सामने और विवेक पाल निवासी खौरहवा, थाना कोतवाली के खिलाफ जानलेवा हमला व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।