खेत के पास मिला अधेड़ का शव, पहुंची पुलिस
सोनहा (बस्ती)। थाना क्षेत्र के परसा खुर्द बुजुर्ग दरियापुर जगंल टोला सोनहटिया के पास स्थित एक खड़ंजे पर एक अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पास में स्थित गन्ने के खेत में उसकी बाइक पड़ी हुई थी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। अनियंत्रित होकर बाइक से गिरकर चोट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
थाना प्रभारी शशांक शेखर राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सोनहा थाना क्षेत्र के भैसहिया खुर्द बुजुर्ग निवासी रामललन चौहान (50) ने दो शादी की थी। पहली शादी सोनहटिया टोले में हुई थी, जहां वे शनिवार को जाने के लिए घर से निकले थे। पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। दोनों पत्नियों से आठ बच्चे हैं। वह दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। इन दिनों गांव आया हुआ था। बताया जा रहा है कि शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे अपनी ससुराल टोला सोनहटिया जाने को निकला था। टोला के पास स्थित एक खड़ंजे पर उसे बेसुध हालत में देख लोगों की भीड़ जुट गई। खेत में उसकी बाइक गिरी थी। आशंका है कि वह बाइक समेत खेत में गिरा। घायल होकर वह किसी तरह खड़ंजे तक पहुंचा, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।