दुर्घटना में छावनी के युवक की गोंडा में मौत, एक घायल
विक्रमजोत (बस्ती )। रिश्तेदारी में मांगलिक समारोह से वापस आ रहे छावनी थाना क्षेत्र के सरभंगा गांव निवासी एक युवक की नवाबगंज थाना क्षेत्र के रीवां गांव के पास दुर्घटना में मौत हो गई। वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका इलाज चल रहा है। दोनों युवक घर से मंगलवार को रिश्तेदारी में मांगलिक कार्य में सम्मिलित होने के लिए गए थे।
थाना क्षेत्र सरभंगा निवासी शशिकांत (18) पुत्र देवनाथ व शुभम (20) पुत्र सिद्धनाथ मंगलवार को मोटरसाइकिल लेकर घर से गोंडा जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिश्रौलिया गांव स्थित रिश्तेदार को यहां मांगलिक कार्य में सम्मिलित होने गए थे। बुधवार सुबह मोटरसाइकिल से वापस आते समय रीवा गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें शुभम की मौके पर ही मौत हो गई। वही दूसरा शशिकांत गंभीर रूप से घायल हो गया । सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल शशिकांत को सामुदायिक स्वास्थ्य नवाबगंज पहुंचाया। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष नवाबगंज तेज प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
---------