हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
टिनिच/बस्ती। गौर थाना क्षेत्र में महादेवा घाट पंडितपुर के पास शनिवार देर रात अज्ञात बदमाशों के हमले में घायल युवक की सोमवार को मौत हो गई। घायल युवक का लखनऊ मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था।
शहर कोतवाली के पटेल चौक निवासी मोहित (35) पुत्र तिलकराम को गौर थाना क्षेत्र के पंडितपुर में नेवासा मिला है। शनिवार को भी घर पर भोजन करने के बाद सोने चला गया। देर रात उस पर धारदार हथियार से हमला हुआ। रविवार की सुबह गांव के कुछ लोगों ने उसे मकान के अंदर खून से लथपथ होकर तख्त के नीचे पड़ा देखा था। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया था। एसओ गौर संजय कुमार ने बताया कि हमले के समय मोहित मकान में अकेला था। ऐसे में जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि हमला किसने और क्यों किया। मृतक मोहित के पिता की तहरीर पर अज्ञात हमलावर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें अब हत्या की धारा तरमीम की जाएगी।