हर्ष फायरिंग में फरार आरोपित बभनान से गिरफ्तार
फायरिंग में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल बरामद
गिरफ्तार मनीष तिवारी पर पुलिस ने घोषित किया था 25 हजार इनाम
शादी समारोह में फायरिंग से दुल्हन की बहन के पैर में लगी थी गोली
संवद न्यूज एजेंसी
बभनान (बस्ती)। गौर थाना क्षेत्र के बभनान बाजार में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में फरार चल रहे दूसरे आरोपित मनीष तिवारी को बृहस्पतिवार देर शाम बभनान के विजय नगर तिराहे से 32 बोर लाइसेंसी पिस्टल चार खोखे के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपित पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
रविवार रात प्रदीप गुप्ता पुत्र कृष्ण चंद्र गुप्ता निवासी लोहा मंडी कस्बा बभनान जनपद बस्ती की शादी अर्चना गुप्ता पुत्री जनार्दन प्रसाद गुप्ता निवासी जयनगरा इंदिरापुर थाना कोतवाली नगर जनपद गोंडा के साथ बभनान के बाबा बागेश्वर नाथ मंदिर के पास कसौधन धर्मशाला में हो रही थी। जयमाला कार्यक्रम के दौरान दूल्हे के बहनोई बलरामपुर जिले के कोतवाली नगर के बड़ापुल चौराहा निवासी शरद गुप्ता व उसका दोस्त बलरामपुर के ही गायत्री मंदिर के समीप टेढ़ीबाज निवासी मनीष तिवारी हर्ष फायरिंग करने लगे। इसी दौरान स्टेज से नीचे उतर रही दुल्हन की चचेरी बहन 20 वर्षीय शेफाली गुप्ता पुत्री राजेंद्र प्रसाद गुप्ता निवासी रानी बाजार थाना कोतवाली के पैर में गोली लग गई थी। दुल्हन के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा में मुकदमा पंजीकृत कर एक आरोपित शरद गुप्ता को पहले ही गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष गौर संजय कुमार ने बताया कि आरोपी को कस्बे के विजय नगर तिराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।