‘जलभराव का स्थायी समाधान करें अधिकारी’
मंडलीय उद्योग बंधुओं की बैठक
आयुक्त ने प्लास्टिक कांप्लेक्स का सर्वे कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
बस्ती। औद्योगिक क्षेत्र प्लास्टिक कांप्लेक्स में जलभराव के स्थायी समाधान के लिए मंडलायुक्त गोविंद राजू एनएस ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। यूपी सीडा को उद्यमियों, सिंचाई तथा उद्योग विभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्र का सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। कहा कि सभी उद्यमी अपने क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट विकसित करने के लिए पौधरोपण करें। ईंधन के लिए प्राकृतिक गैस का उपयोग करें। इससे कार्य क्षेत्र में पर्यावरण अच्छा होगा।
वह शुक्रवार को आयुक्त सभागार में मंडलीय उद्योग बंधुओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्युत निगम के अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण कर ढीले तारों को सही कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत चिप्स का उद्योग लगाने के लिए जुलाई से ऋण वितरित न करने पर नाराजगी जताई तथा लीड बैंक के मैनेजर एवं उपायुक्त उद्योग को प्रकरण के निस्तारण के निर्देश दिए।
चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में पहले यूपी सीडा अनुरक्षण शुल्क वसूल कर रहा था। अब जिला पंचायत ने शुल्क वसूली का नोटिस दिया है। उन्होंने एक ही स्थान पर दो संस्थाओं की ओर से शुल्क वसूली पर आपत्ति दर्ज कराई। मंडलायुक्त ने यूपी सीडा तथा अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को शासनादेश के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार रैकवार ने मंडल के विभिन्न बाजार में वाहन से अवैध वसूली पर रोक लगाने की सराहना की। बताया कि बांसी एवं नौगढ़ में अब भी वसूली जारी है। मंडलायुक्त ने सिद्धार्थनगर के डीएम को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने निवेश मित्र पोर्टल, उद्योग विभाग की ओर से संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की समीक्षा की तथा स्वीकृत ऋण आवेदनपत्रों के सापेक्ष ऋण वितरण का लक्ष्य 15 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। संचालन संयुक्त निदेशक उद्योग लालजी सिंह ने किया। इस मौके पर उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान, दयाशंकर, आरके शर्मा, लीड बैंक के मैनेजर अविनाश चंद्रा, आरके सिन्हा, विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता आरबी कटियार, विकास मिश्रा, डीपी सिंह, हरीश चंद्र शुक्ल, हेमंत कुमार सावलानी, वीरेंद्र कुमार गुप्ता, राम चंद्र गुप्ता, सुशील कुमार, मो. आरीफ, अमन जायसवाल, शैलेश चौधरी आदि मौजूद रहे।