नगर बाजार (बस्ती)। कृषि विज्ञान केंद्र पोषण पखवारा के अंतर्गत सदर ब्लॉक के कटया गांव में शनिवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ पोषण वाटिका के लाभों से किसानों को अवगत कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. पीके मिश्रा ने किया। पोषण वाटिका की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इससे न केवल पोषण सुरक्षा सुनिश्चित होती है, बल्कि परिवार की आय में भी वृद्धि होगी। कार्यक्रम में केंद्र के विभिन्न विभागों के वैज्ञानिकों ने भी जानकारी प्रदान की।
प्रसार वैज्ञानिक आरवी सिंह ने संतुलित आहार और पोषण की भूमिका पर चर्चा की। अनुवांशिकी एवं पादप प्रजनन विभाग के डॉ. वीबी सिंह ने पौष्टिक किस्मों की जानकारी साझा की। पौध सुरक्षा विभाग के डॉ. प्रेम शंकर ने वाटिका की रक्षा के उपाय बताए। डॉ. अंजलि ने पौष्टिक भोजन बनाने की जानकारी दी।