फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: एचपीवी टीकाकरण में खराब प्रगति पर चार एमओआईसी को नोटिस

विज्ञापन
विज्ञापन
बस्ती। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान में खराब प्रगति पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। लक्ष्य के सापेक्ष कम टीकाकरण मिलने पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ. एके चौधरी ने सांऊघाट, गौर, बहादुरपुर और हर्रैया के एमओआईसी को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है। सभी को सात दिन में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन

जिले में 14 वर्ष की किशोरियों को निशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। अभियान के तहत 31,821 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके सापेक्ष अब तक 26,230 किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। यानी करीब 82 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हुआ है। विभाग ने शेष किशोरियों का टीकाकरण जल्द पूरा कराने के लिए स्कूलों से संपर्क करने और अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।
डीआईओ डॉ. एके चौधरी ने बताया कि सांऊघाट, गौर, बहादुरपुर और हर्रैया ब्लॉक में टीकाकरण की प्रगति लक्ष्य के मुकाबले काफी कम मिली है। इन ब्लॉकों को रेड श्रेणी में रखा गया है। संबंधित एमओआईसी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वेतन बाधित करने की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. एके सिंह ने सभी सीएचसी प्रभारियों को अभियान में तेजी लाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए हैं। स्कूलों में संपर्क कर अभिभावकों को टीके के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया है।
-
14 वर्ष की किशोरियों को लग रही निशुल्क वैक्सीन
सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि एचपीवी यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से बचाव के लिए सरकार 14 वर्ष की किशोरियों को निशुल्क वैक्सीन उपलब्ध करा रही है। यह टीका उन बालिकाओं के लिए है, जो 14वां जन्मदिन मना चुकी हैं और 15वें वर्ष में प्रवेश नहीं किया है। उन्होंने बताया कि बाजार में इस वैक्सीन की कीमत करीब चार हजार रुपये है, जबकि सरकारी अस्पतालों में इसे निशुल्क लगाया जा रहा है। सीएमओ ने धर्मगुरुओं, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और महिलाओं से अभियान के प्रचार-प्रसार में सहयोग करने तथा अभिभावकों की शंकाओं को दूर करने की अपील की है।
-
17 सितंबर तक पूरा करना है लक्ष्य
डीआईओ ने बताया कि जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान 28 फरवरी से चल रहा है। 17 सितंबर तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना है। अब तक 82 प्रतिशत किशोरियों का टीकाकरण हो चुका है। शेष लाभार्थियों का टीकाकरण कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें