बस्ती। डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बृहस्पतिवार को परसरामपुर ब्लॉक के निर्माणाधीन राजकीय पाॅलीटेक्निक काॅलेज धरमपुर, मिनी स्टेडियम धरमपुर, वृहद गो संरक्षण केंद्र नारायणपुर, हर्रैया स्थित पौधशाला का औचक निरीक्षण किया।
निर्माणाधीन राजकीय पालीटेक्निक काॅलेज धरमपुर में हाइड्रोलिक लैब, वर्कशाप, क्लासरूम, रोड कार्य आदि के निरीक्षण के दौरान मौके पर 10 श्रमिकों से कार्य कराना पाया गया। कार्य की रफ्तार धीमी पाए जाने पर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के एई अरविंद्र कुशवाहा का वेतन बाधित करते हुए स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।
मिनी स्टेडियम धरमपुर में उन्होंने ड्राइंग का अवलोकन किया। कार्यदायी संस्था की ओर से बताया गया कि मई 2027 तक इस कार्य को पूरा किया जाना है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मिनी स्टेडियम का कार्य शीघ्र शुरू किया जाए।
वृहद गो संरक्षण केंद्र ग्राम पंचायत नारायणपुर में पहुंचकर उन्होंने पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. अवधेश कुमार यादव से गोशाला के मानकों के बारे में पूछताछ की। मौके पर उपस्थित लोगों ने परिसर में बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से अवगत कराया।
इस दौरान डीएफओ डाॅ. शिरीन सिद्दीकी, पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. अवधेश कुमार यादव, बीडीओ विनोद कुमार सिंह, एई अरविंद कुशवाह, एक्सईएन आरईडी अंकुर वर्मा, सुपरवाइजर प्रदीप सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।