चार तहसील दिवस में दी शिकायत, पर नहीं हुआ समाधान
रुधौली समाधान में नहीं पहुंचीं डीएम, विधायक-एसडीएम ने सुनी फरियाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। रुधौली तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे पकरी सोयम गांव के रहने वाले रवि प्रजापति पिछले लगातार चार तहसील दिवसों में शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास को लेकर शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाया। वहीं, शनिवार को रुधौली में कुल 65 मामले पेश हुए, जिसमें से पांच का मौके पर निस्तारण हो गया।
रुधौली प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस में पहुंचे रवि ने विधायक संजय प्रताप जायसवाल व एसडीएम को बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत कई ऐसे को आवास दे दिया गया है, जिनके पास खुद का पक्का मकान है। शनिवार को रुधौली तहसील में आयोजित तहसील समाधान दिवस में किन्ही कारणों से डीएम सौम्या अग्रवाल के न पहुंचने पर तहसील दिवस की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी आनंद सिंह श्रीनेत ने की, उनके साथ पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। क्षेत्रीय विधायक संजय प्रताप जायसवाल, तहसीलदार प्रमोद कुमार, प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी विमला चौधरी, खंड शिक्षा अधिकारी राम कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। भानपुर प्रतिनिधि के अनुसार संपूर्ण समाधान दिवस में सीडीओ राजेश कुमार प्रजापति के साथ विधायक संजय प्रताप ने लोगों की समस्याएं सुनीं। जिसमें 60 में से 13 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। समाधान दिवस में रामनगर ब्लाक के धवाय गांव की आंगनबाड़ी सहायिका कांति देवी ने पिछले एक वर्ष से आधार और टीसी मे जन्मतिथि समान न होने की वजह बताकर विभाग की ओर से मानदेय रोके दिए जाने की शिकायत की। सीडीओ ने सीडीपीओ रामनगर और डीपीओ से जवाब तलब करते हुए प्रकरण का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिया। वहीं भैंसहिया गांव की महिमा चौहान की शिकायत को संज्ञान लेकर सीडीओ ने बीडीओ रामनगर को रास्ते के विवाद का तुरंत पटाक्षेप कराने का निर्देश दिया है। वहीं, सल्टौवा ब्लाक की रूबी चौरसिया ने एक विद्यालय के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि विद्यालय ने कक्षा दस के लिए पंजीकरण और परीक्षा शुल्क वसूल करने के बाद भी बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं कराया और पैसा भी वापस नहीं किया। सीडीओ ने प्रकरण की जांच कराने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर एसडीएम नीरज पटेल, तहसीलदार केएन तिवारी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।