- तीन साल पहले चिह्नित किए गए थे पार्किंग बनाने के तीन स्थल
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नगर पालिका क्षेत्र में पार्किंग का इंतजाम न होने से प्रमुख बाजारों में जाम की स्थिति बनी रहती है। यहां पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद नगर पालिका के जिम्मेदार कोई ठोस निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। मंडल मुख्यालय पर गांधीनगर व मालवीय रोड जैसे दो प्रमुख मार्गों से वाहनों का आवागमन होता है। इन्हीं मार्गों पर ही मुख्य बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग रोजाना पहुंचते हैं।
शास्त्री चौक से रोडवेज के बीच गांधीनगर बाजार में सुबह होते ही बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन शुरू हो जाता है। इसका नतीजा यह होता है कि देर शाम तक लगभग तीन किलोमीटर लंबे बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके बावजूद नगर पालिका के जिम्मेदार ठोस निर्णय नहीं ले पा रहे हैं।
तकरीबन तीन साल पहले नगर पालिका के तत्कालीन अधिशासी अधिकारी अखिलेश त्रिपाठी व सीओ यातायात ने शास्त्री चौक, कंपनीबाग व राजकीय इंटर कॉलेज के सामने तीन पार्किंग स्थलों का चयन किया और इसे संचालित करने के लिए अन्य औपचारिकताएं पूरी करने में लगे गए। इसके बावजूद अभी तक न तो पार्किंग स्थलों को अस्तित्व में लाया जा सका और न ही जाम पर ही कोई रोक लगाई जा सकी। यही नहीं जो पार्किंग स्थल चयनित व चिह्नाकित किए गए थे, वह दोबारा अतिक्रमण की चपेट में आ गए। नतीजतन पूरा गांधीनगर क्षेत्र अभी भी भीषण जाम की चपेट में रहता है।
यहां वाहन चालक अपने वाहन को सड़क पर खड़ी करने को मजबूर रहते हैं। पुलिस वाहनों का चालान काटकर अपना पल्ला झाड़ लेती है और जाम का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा है।
-
पार्किंग स्थलों को नए सिरे से संचालित किया जाएगा
जाम से मुक्ति दिलाने के लिए चयनित पार्किंग स्थलों को नए सिरे से संचालित करवाया जाएगा। पार्किंग स्थलों का संचालन शुरू होते ही जाम की समस्या समाप्त हो जाएगी।
-नेहा वर्मा, अध्यक्ष, नगर पालिका