बभनान, बस्ती। नगर पंचायत की स्टेशन रोड से लेकर विजय नगर तिराहे और वहां से जमुनहा बाजार तक हर वक्त जाम लगा रहता है। इसकी वजह से यातायात व्यवस्था तो बाधित रहती ही है। लोग भी को घंटों जाम में फंसकर परेशान होते हैं।
बावजूद इसके जिम्मेदार इस समस्या को दूर कराने के लिए कोई ठोस पहल नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों ने ओवरब्रिज या अंडर पास बनाने की मांग की है। बभनान रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर गौरा चौकी रोड पर समपार फाटक संख्या 222-ए से गुजरने वाले लोगों को जाम से रोजाना जूझना पड़ता है।
गन्ने का सीजन होने के चलते गन्ना लदे ट्रक व ट्राॅलियां, बैल गाड़ियां, गौरा चौकी रोड व हलुवा रोड से आने का एक ही रास्ता है। ऐसे में रेलवे गेट बंद हो जाने के बाद लोगों को घंटे वहीं खड़े रहना पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कत मरीजों को हो रही है। यहां पर कई बार एंबुलेंस भी फंस चुकी है। कई बार तो विवाद की भी स्थिति पैदा हो जाती है। इसी मार्ग से दर्जन शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं सहित स्कूली बसों का भी आना-जाना होता है।
सुबह व दोपहर में जब स्कूल की बस व छात्र-छात्राएं इस सड़क पर आते हैं तो लगभग एक किलोमीटर लंबा रास्ता तय करने में लोगों को काफी इंतजार करना पड़ता है। कई बार रेलवे क्रॉसिंग ट्रेन पास होने के बाद भी काफी देर बाद तक जाम लगा रहता है। स्टेशन चौराहे से लेकर जमुनहा बाजार तक लगे इस जाम से निकलने में लोगों को घंटों लग जाते हैं।
स्थानीय लोगों में अंकित जायसवाल, मुकेश जयसवाल, सूरज, आशीष कुमार पांडे, मकसूद अहमद, राहुल चौरसिया, मिन्टू सिंह आदि का कहना है कि चीनी मिल के सीजन में ट्रकों व गन्ना लदी ट्राॅली व बैलगाड़ी, स्कूली बसें आदि गेट बंद होने के बाद घंटे-घंटे भर खड़े रहते हैं। इससे व्यापारिक गतिविधियां भी कम हो जाती हैं। व्यापारियों का कहना है कि अगर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज या अंडरपास बना दिया जाए तो जाम से निजात मिल जाएगा।