संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सड़क हादसों में कमी लाने के लिए मुख्यमंत्री की सख्ती का असर दिखने लगा है। सड़क सुरक्षा अभियान का फीडबैक परिवहन आयुक्त खुद ले रहे हैं। इसी क्रम में विभागीय टीम शनिवार को पेट्रोल पंपों पर पहुंची।
इस दौरान पंप मालिक, आम नागरिकों को जानकारी दी गई कि 26 जनवरी के बाद से पेट्रोल पंपों पर नो हेलमेट नो पेट्रोल सख्ती से लागू कराया जाएगा। डीएम रवीश गुप्ता ने भी सभी पेट्रोल पंप संचालकों को बिना हेलमेट लगाए दो पहिया वाहन चालकों को 26 जनवरी के बाद से पेट्रोल न देने संबंधी निर्देश दिए हैं।
सभी पेट्रोल पंप संचालक आगामी सात दिन तक अपने परिसर में बड़े होर्डिंग और अन्य संसाधनों से नो हेलमेट- नो पेट्रोल का व्यापक प्रचार भी करेंगे।
इधर, आरटीओ प्रवर्तन रविकांत शुक्ला, एआरटीओ पंकज सिंह विभागीय टीम के साथ पेट्रोल पंपों पर मालिकों के साथ नो हेलमेट नो पेट्रोल व्यवस्था पर चर्चा की।
इस दौरान बिना हेलमेट लगाए पहुंचे बाइक सवार लोगों से संवाद कर अधिकारियों ने उन्हें जागरूक किया। एआरटीओ ने कहा कि सभी बाइक चालकों हेलमेट लगाना अनिवार्य है।
इसका उल्लंघन करने पर जुर्माना और 6 माह कारावास की सजा हो सकती है। बताया कि 26 जनवरी के बाद नो हेलमेट नो पेट्रोल की व्यवस्था केा कड़ाई से लागू कराया जाएगा।