बस्ती। संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ ने बुधवार को प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को ज्ञापन भेजा। लंबित वेतन और स्थायी नीति बनाने की मांग की। अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के माध्यम से ज्ञापन भेजा गया।
कर्मचारी संघ की प्रमुख मांगों में अगस्त 2025 का लंबित वेतन तत्काल जारी करना, एनएचएम आउटसोर्स कार्मिकों को निगम के आउटसोर्स कार्मिकों के समान लाभ देना, और निगम की तर्ज पर एनएचएम संविदा कार्मिकों के लिए स्थायी वेतन नीति बनाना शामिल है।
मंडल संयोजक संजय पांडेय ने कहा कि यह लड़ाई सभी संविदा कार्मिकों की है। सरकार को जल्द स्थायी वेतन नीति बनानी होगी। भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि वेतन भुगतान में देरी से कर्मचारी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। सरकार को चाहिए कि तुरंत भुगतान सुनिश्चित करे। जिलाध्यक्ष सुधाकर पांडेय ने सवाल उठाया कि जब निगम के आउटसोर्स कार्मिकों को लाभ मिल रहे हैं तो एनएचएम के साथ भेदभाव क्यों? हमें भी समान लाभ दिया जाना चाहिए। जिला महामंत्री जन्मेजय उपाध्याय ने कहा कि केंद्र सरकार ने विसंगतियों को खत्म करने के निर्देश पहले ही दिए हैं, इसलिए राज्य सरकार को भी उसी अनुरूप नीति बनानी होगी।
इस अवसर पर कमलेश कश्यप, महेंद्र शंकर, अखिलेश चतुर्वेदी, संदीप कुमार श्रीवास्तव, अवनीश श्रीवास्तव, निरंकुश शुक्ला, मो. आरिफ, गौहर अली, बृजेश यादव, मो. सऊद सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।