चिकित्सक का नवीन तकनीक से रू-ब-रू होना जरूरी
दर्द निवारण प्रबंधन, गुर्दे की क्रियाशीलता और हृदय रोग पर आईएमए ने आयोजित किया सेमिनार
लखनऊ से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी नई तकनीक की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से स्टेशन रोड स्थित एक होटल में सोमवार को आयोजित सेमिनार में लखनऊ के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दर्द निवारण प्रबंधन, गुर्दे की क्रियाशीलता और हृदय रोग के उपचार की नवीनतम तकनीक की जानकारी दी। शुभारंभ करते हुए आईएमए के संरक्षक डॉ. केके तिवारी ने कहा कि चिकित्सक का उपचार की नवीनतम तकनीकों से समय-समय पर रू-ब-रू होते रहना समाज हित में बेहद जरूरी है।
सेमिनार में चंदन अस्पताल, लखनऊ से आए विशेषज्ञ चिकित्साविदों दर्द निवारण विशेषज्ञ डॉ. अमितेश पाठक, यूरोलाजिस्ट व गुर्दा प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. मनमीत सिंह व हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. अनुपम सिंह ने विभिन्न प्रकार के होने वाले दर्द निवारण के प्रबंधन, गुर्दे की क्रियाशीलता में कमी एवं हृदय रोग संबंधी जानकारी पर व्याख्यान दिया। इस दौरान स्लाइड प्रदर्शन कर रोगों से बचाव व निवारण के विषय में जानकारी दी। इससे पूर्व आईएमए सचिव डॉ. नवीन कुमार ने लखनऊ से आए चिकित्सकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में आए दिन निरंतर नई-नई तकनीक आ रही है। ऐसे में इस विषय में स्थानीय चिकित्सकों को नवीनतम जानकारी से अवगत रहना जरूरी है। जिसके लिए इस प्रकार के आयोजन अति आवश्यक होते हैं। इसी कारण आईएमए निरंतर सतत शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित करता है। कार्यक्रम का संचालन सुबोध कौल ने किया।
सेमिनार की अध्यक्षता आइएमए के अध्यक्ष डॉ.अनिल कुमार श्रीवास्तव ने की। इस मौके पर डॉ.अभिजात कुमार, डॉ. प्रवीन कुमार श्रीवास्तव, डॉ. प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, डॉ. रंग जी द्विवेदी, डॉ.एपीडी द्विवेदी, डॉ. आरके सिंह, डॉ. आभा सिंह, डॉ. शशि श्रीवास्तव, डॉ. श्वेता श्रीवास्तव, डॉ. सत्येंद्र राय, डॉ. रेनू राय, डॉ. ऊषा सिंह, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. एनके चौधरी, डॉ. अनिल कुमार चौधरी, डॉ. सीमा चौधरी, डॉ. अर्चना चौधरी, डॉ. (कै.) एससी मिश्रा, डॉ. कै. पीएल मिश्रा, डॉ. अश्वनी कुमार सिंह, डॉ. प्रमिला सिंह, डॉ. दीपक श्रीवास्तव, डॉ. हेमा श्रीवास्तव, डॉ. केपी सिंह, डॉ. मुश्ताक अहमद खान, डॉ. राशिद अहमद खान, डॉ. अभिनव चौधरी, डॉ. पीके चौधरी आदि चिकित्सक मौजूद रहे।