बस्ती। मंडेरवा पुलिस ने रेलवे ट्रैक के किनारे शव मिलने के मामले में अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया है। पिता भगवानदास ने तहरीर में बताया कि 11 दिसंबर को उनके 19 वर्ष के बेटै अमरेश के पास 12 दिसंबर 2023 को रात नौ बजे फोन आया था। इसके बाद वह घर से चला गया। करीब 10:30 बजे महिला चौकीदार ने उसके बड़े भाई ज्ञानदास को बताया कि अमरेश कुमार को थाने पर बैठा लिया गया है।
भगवानदास के अनुसार, उसके बड़े भाई ज्ञानदास व ग्राम प्रधान सुबह थाने पर गए तो पता चला अमरेश कुमार की लाश मंझरिया रेलवे ट्रैक के तीसरे खंभे के पास मिली है। उसका धड़ सिर से अलग था। पुलिस ने रेलवे दुर्घटना में मृत्यु कहकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मगर, उसे शक है कि उसके बेटे की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर लाश को रेलवे ट्रैक के बगल में रखकर फरार हो गया। एसओ अभिमन्यु सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। संवाद