कलवारी क्षेत्र के पोखरनी मे रूपया निकालने के लिए लगी भीड़।
शहर में स्थित बैंकों के कई एटीएम मंगलवार को चालू हो गए। इनमें एसबीआई, पीएनबी, आईसीआईसीआई, एक्सिस, अरबन कोआपरेटिव आदि के एटीएम कुछ एटीएम शामिल है। इनके चालू होने से कैश के संकट से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने लगी है।
लगातार बंद चल रहे एसबीआई का कंपनीबाग स्थित एटीएम मंगलवार को चालू हो गया। उस पर कैश निकालने वालों की भीड़ लगी रही। वहीं अरबन कोआपरेटिव बैंक का एटीएम भी तीन दिन से लोगों को कैश उपलब्ध करा रहा है। आईसीआईसीआई का कंपनी बाग स्थित दो एटीएम, कंपनी बाग स्थित एक्सिस बैंक का एटीएम, कटरा चुंगी स्थित एक्सिस बैंक का एटीएम भी कैश देने लगे हैं। जिला पंचायत के निकट स्थित पीएनबी, गांधीनगर स्थित पीएनबी का एटीएम भी चालू हो गया है।
लगातार सेवाएं देने वाला कंपनी बाग और रोडवेज तिराहा स्थित एचडीएफसी का एटीएम मंगलवार को लोगों को कैश देता रहा। कई एटीएम के चालू होने पर लोगों की भीड़ पहले की तरह एटीएम के बाहर नहीं रह गई है। कटरा चुंगी स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम पर सोमवार की रात सवा नौ बजे के करीब महज 10 से 15 लोगों की ही लाइन दिखी। यही हाल रात में कई एटीएम का रहा। लोगों को कुछ देर लाइन में खड़े रहने के बाद रकम मिल जा रहा थी।
वहीं रोडवेज तिराहे के पास एसबीआई का एटीएम, ओरियंटल बैंक आफ कामर्स का एटीएम, जिला अस्पताल के निकट स्थापित यूनियन बैंक आफ इंडिया का एटीएम बंद रहा । गांधीकला भवन के पास स्थित एसबीआई के व्यैक्तिक शाखा का एटीएम, पीएनबी का फौव्वारा तिराहा, स्थित एटीएम, एपीएन पीजी कॉलेज के पास स्थित सेंट्रल बैंक का एटीएम बंद रहा।
कंपनी बाग स्थित आंध्रा बैंक, न्याय मार्ग स्थित यूनियन बैंक का एटीएम नहीं चालू हो सका। ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी एटीएम चालू नहीं हो पाए है, जिससे लोगों को कैश के लिए बैंक पर ही निर्भर रहना पड़ रहा है। वहीं बैंकों की हालत में भी सुधार होता दिख रहा है। पूर्वांचल बैंक की कुछ शाखाओं और दो तीन बैंकों की शाखाओं को छोड़कर अन्य बैंकों की शाखाओं में कैश मिलना शुरू हो गया है।